
कासगंज: ग्रामीण पत्रकार संगठन के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पत्रकार विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष अनूप सिंह चौहान के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जिले भर के पत्रकारों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामनरेश चौहान, डॉ. नरेंद्र सिंह परमार और श्याम किशोर गौड़ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और ग्रामीण पत्रकारिता में उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार संगठन से जुड़े पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार समाज की जमीनी समस्याओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और लोकतंत्र को मजबूत करने में उनकी भागीदारी बेहद अहम है।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी ने ग्रामीण पत्रकारिता को नई पहचान दिलाई और गांव-गरीब की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने मौजूद पत्रकारों से अपील की कि वे उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलते हुए निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करें।
गोष्ठी के दौरान पत्रकारों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारिता से जुड़ी चुनौतियों, संसाधनों की कमी और निष्पक्ष खबरों के सामने आने वाली कठिनाइयों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में संगठन को और मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
ये भी पढ़े – कासगंज में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: डीएम के निर्देश पर 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, ईंट भट्टों पर भी गिरी गाज
- kasganj-rural-journalist-organization-baleshwar-lal-tribute








