
कासगंज: थाना गंजडुण्डवारा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए 20 मुकदमों से संबंधित 95 लीटर अवैध शराब को नष्ट कर दिया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में जिलेभर में जब्त माल के निस्तारण की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गंजडुण्डवारा मालखाने में लंबे समय से रखी अवैध शराब का मंगलवार को नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया।
पुलिस के अनुसार अवैध शराब से जुड़े 20 अभियोगों में माननीय न्यायालय द्वारा निर्णय पारित किए जाने के बाद जब्त शराब को नष्ट करने की कार्रवाई की गई। गठित टीम ने मौके पर जमीन में गड्ढा खुदवाकर पूरी प्रक्रिया के तहत शराब को नष्ट कराया। इस दौरान नायब तहसीलदार पटियाली मुकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक गंजडुण्डवारा राधेश्याम, आबकारी निरीक्षक हेमन्त कुमार शर्मा, हेड मोहर्रिर योगेश कुमार तथा मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी न्यायालय के आदेशानुसार जब्त माल का निस्तारण अभियान जारी रहेगा।
ये भी पढ़े – कासगंज में ग्रामीण पत्रकार संगठन का आयोजन, पत्रकारों ने ली निष्पक्ष पत्रकारिता की शपथ
- ganjdundwara-police-destroyed-illegal-liquor-kasganj








