
निवाड़ी: जिले के पृथ्वीपुर क्षेत्र की जनता को जल्द ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिलने वाली है। पृथ्वीपुर में निर्मित नए सिविल अस्पताल भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और आगामी कुछ महीनों में इसका लोकार्पण होने की संभावना है। यह जानकारी भाजपा के पूर्व विधायक शिशुपाल यादव ने पृथ्वीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान दी।
अपने जन्मदिन के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे डॉ. शिशुपाल यादव ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया तथा मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा की।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. यादव ने बताया कि पृथ्वीपुर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए सिविल अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन से चार महीनों के भीतर प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला द्वारा अस्पताल का लोकार्पण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद पृथ्वीपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर डॉ. शिशुपाल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल की बचत को लेकर की गई अपील का भी समर्थन किया। उन्होंने लोगों से देशहित में ईंधन की बचत करने और सार्वजनिक परिवहन सहित वैकल्पिक साधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत से न केवल आर्थिक संसाधनों की रक्षा होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला मंत्री राजेश साहू, पूर्व साडा अध्यक्ष प्रेमचंद जैन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती नीलू केशव खटीक सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने भी नए सिविल अस्पताल के शीघ्र संचालन को क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
नए अस्पताल के शुरू होने से पृथ्वीपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
ये भी पढ़े – निवाड़ी: पैसों के लेनदेन और मानसिक तनाव से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
- prithvipur-new-civil-hospital-inauguration-soon









