
शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कांधला कस्बे के दिल्ली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पुलिसकर्मियों और दो युवकों के बीच हुई कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार मामला कांधला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप का है। बताया जा रहा है कि यहां दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिसकर्मी दोनों युवकों को जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और युवकों के बीच कहासुनी हुई और कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई।
घटना के समय मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। हालांकि वीडियो में कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव करता नजर नहीं आ रहा है। वहीं मौजूद किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद कांधला पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस के व्यवहार और कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़े –
- shamli-police-working-style-questioned-after-viral-video








