
बुरहानपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घाघरला में मां पोहरा देवी वूमेन एंड चिल्ड्रन वेल्फेयर सोसायटी द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का भी आह्वान किया।
संस्था के उपाध्यक्ष राहुल राठौड़ ने बताया कि मां पोहरा देवी वूमेन एंड चिल्ड्रन वेल्फेयर सोसायटी पिछले तीन वर्षों से सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। संस्था द्वारा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से यह पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। जिला संयोजक सोनू पवार ने बताया कि संस्था के जागरूकता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। अब अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने लगे हैं और स्वच्छता के प्रति भी लोगों में जागरूकता बढ़ी है।
संस्था के सदस्य पवन राठौड़ ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी संस्था लगातार अभियान चला रही है। वहीं सुरेश राठौड़ ने बताया कि नशा मुक्ति और सामाजिक सुधार के लिए भी ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि एक पेड़ केवल पौधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध पर्यावरण और बेहतर भविष्य की उम्मीद है।
कार्यक्रम में इंदल सिंह राठौड़, देवेंद्र राठौड़, चेतन राठौड़, गोपाल चौहान, विकास पवार, सुदामा चौहान, कन्हैया चौहान, अजय दरबार राठौड़, योगेश राठौड़, कृपाल राठौड़, नेमीदास राठौड़, प्रांजल पाटिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर: बारिश ने खोली निर्माण कार्य की पोल; शनवारा से गणपति थाना मार्ग पर गड्ढों और जलभराव से घंटों लगा जाम
- burhanpur-nepanagar-ek-ped-maa-ke-naam-campaign-plantation-drive-on-world-environment-day









