
बुरहानपुर के लोहार मंडी क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों का विरोध सड़क पर उतर आया। करीब आठ महीनों से क्षेत्र में जलभराव की शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने पर नगर निगम के डिप्टी स्पीकर फहीम हाशमी और अन्य पार्षदों ने कीचड़ और गंदे पानी के बीच बैठकर अनोखा “जल आंदोलन” किया। प्रदर्शन के दौरान महापौर के खिलाफ नारेबाजी की गई और उन्हें मौके पर बुलाकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना बारिश के भी सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और बदबू के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम द्वारा स्थायी समाधान नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
वहीं, नगर निगम की सहायक आयुक्त स्वर्णा वर्मा ने कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं है। दूसरी ओर प्रदर्शनकारी पार्षदों का कहना है कि जब तक लोहार मंडी क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।








