
दमोह: जिले के बटियागढ़ विकासखंड के मगरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत इटवा मंगोला गांव में रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान एक कच्चे मकान का छप्पर भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद ग्राम कोटवार रविकांत अठ्या मलबे में दब गए, जिससे उन्हें सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल ग्राम कोटवार रविकांत अठ्या ने बताया कि रविवार दोपहर क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी। उसी दौरान वह अपने घर के अंदर भोजन कर रहे थे। अचानक जर्जर हो चुका कच्चे मकान का छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। छप्पर गिरते ही वह मलबे के नीचे दब गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद तत्काल डायल-112 पर सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी व्यवस्था से घायल रविकांत अठ्या को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे की सूचना राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है, ताकि नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे और जर्जर मकानों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई मकान वर्षों पुराने हैं और बरसात के मौसम में ऐसे मकानों के गिरने का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कर जरूरतमंद परिवारों को राहत और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
ये भी पढ़े – दमोह में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी के वार से किसान की चार उंगलियां कटीं
- damoh-batiyagarh-house-roof-collapse-heavy-rain-village-kotwar-injured










