
दमोह/ आकिब ख़ान: साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार सुबह दमोह में पुलिस विभाग द्वारा ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत 4 किलोमीटर लंबी साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, सांसद राहुल सिंह और विधायक जयंत मलैया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल
मैराथन में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। दौड़ तहसील ग्राउंड से शुरू होकर जबलपुर नाका, स्टेडियम, किल्लाई नाका, तीन गुल्ली, स्टेशन चौराहा, घंटाघर और अस्पताल चौराहा होते हुए पुनः तहसील ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
मैराथन सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा के लिए मार्ग में कई स्थानों पर पेयजल, ठंडे पेय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे मैराथन सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
साइबर फ्रॉड के अन्य तरीकों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि यह कोई प्रतिस्पर्धात्मक दौड़ नहीं, बल्कि साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का अभियान है। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने और साइबर फ्रॉड के अन्य तरीकों से सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस विभाग का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना है।
- damoh-safe-click-2-cyber-awareness-marathon-organised









