
शिवपुरी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर महिला को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद उसे समझाइश देकर शांत कराया गया।
कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, महिला का आरोप है कि वह कई दिनों से अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, रुपये और जेवर हड़पने तथा घर से बेदखल किए जाने की शिकायत कर रही थी। उसका कहना है कि संबंधित थानों में शिकायत देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
आवेदन में लगाए गंभीर आरोप
महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके रुपये और सोने-चांदी के जेवर अपने पास रख लिए गए हैं तथा उसे घर से निकालने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाइश दी और उसके आवेदन पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले की जांच जारी है।
- shivpuri-woman-attempts-suicide-sp-public-hearing-petrol-incident








