
डबरा/ भरत रावत: ग्वालियर जिले के डबरा शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे दीदार कॉलोनी स्थित मिनर्वा स्कूल के पास अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दो मकानों के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घरों में मौजूद लोग और बच्चे बाल-बाल बच गए।
घर के बाहर फायरिंग
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले सुखदेव रावत के घर के बाहर फायरिंग की। गोलियां मुख्य गेट और दीवार पर लगीं। मौके से .315 बोर और पिस्टल के चार खाली कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
फायरिंग के साथ पत्थरबाजी
इसके बाद बदमाश जगदीश रावत के घर पहुंचे, जहां फायरिंग के साथ पत्थरबाजी भी की और फिर मौके से फरार हो गए। घटना के समय घरों में परिवार के सदस्य सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
CCTV कैमरों में कैद
घटना के बाद भागते हुए नकाबपोश बदमाश आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गए हैं। सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
शहरवासियों में दहशत का माहौल
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें: http://उमरिया में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई अर्टिगा कार, 4 की मौके पर मौत, महिला गंभीर
- dabra-double-firing-incident-masked-men-cctv











