
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम ने शुक्रवार को अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा पार्षद के निर्माणाधीन कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई आनंद नगर चौराहे के पास की गई, जहां सरकारी दुकानों की छत पर बिना अनुमति कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा था। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में निर्माण हटाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य की शासकीय संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
सरकारी दुकानों की छत पर बन रहा था कार्यालय
नगर निगम के अनुसार वार्ड-62 के भाजपा पार्षद राजेश चौकसे द्वारा सरकारी दुकानों के ऊपर करीब 450 वर्गफुट क्षेत्र में निजी कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा था। निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा ने जांच के दौरान इसे अवैध निर्माण माना और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन ढांचे को जेसीबी की मदद से हटा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
पार्षद ने दी अपनी सफाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे भाजपा पार्षद राजेश चौकसे ने नगर निगम की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान उनका पुराना कार्यालय हट गया था, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनने के लिए वे नया कार्यालय बनवा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि निर्माण शुरू करने से पहले नगर निगम आयुक्त से मौखिक अनुमति ली गई थी, लेकिन इसके बावजूद निगम ने निर्माण तोड़ दिया।
नगर निगम का सख्त संदेश
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने इसे अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया है।
यह भी पढ़ें: http://दतिया: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा तो भाजपा में बवाल, हाईवे जाम, इस्तीफों की झड़ी
- bhopal-bjp-councillor-office-demolished-by-municipal-corporation










