
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय कैनोइंग एवं कयाकिंग जूनियर एवं सब-जूनियर ट्रैक चैंपियनशिप में सागर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटीं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों भूमिका राय, रोशनी पटेल और रजनी रैकवार का सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सम्मान समारोह आयोजित कर पुष्पगुच्छ भेंट किए और मेडल पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीनों खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। भूमिका राय ने कैनोइंग की सी-2 500 मीट) स्पर्धा में रजत पदक तथा सी-4 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर दो पदक हासिल किए। वहीं रोशनी पटेल ने कयाकिंग 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। रजनी रैकवार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1000 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीतकर सागर का गौरव बढ़ाया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर की बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि प्रतिभा को उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे सागर जिले की उपलब्धि है और इससे जिले में वॉटर स्पोर्ट्स को नई पहचान मिलेगी।
ये भी पढ़े – विश्व जनसंख्या दिवस पर सागर जिला चिकित्सालय में निकली जागरूकता रैली, ‘छोटा परिवार, स्वस्थ परिवार’ का दिया संदेश
विधायक जैन ने कहा कि सागर की ऐतिहासिक झीलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और विकास के साथ जल क्रीड़ा गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में इन सुविधाओं का लाभ लेकर जिले से और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों की भी सराहना करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे परिवार का सहयोग और कोच का मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि सागर की बेटियां आज राष्ट्रीय मंच पर पदक जीत रही हैं।
इस अवसर पर हिंदी साहित्य कला अकादमी के अध्यक्ष पलाश सुरजन, दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, मुख्य प्रशिक्षक आकाश तिवारी सहित खेल प्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़े – सागर: जर्जर मकान की छत का प्लास्टर गिरने से 6 साल की बच्ची की मौत
- sagar-daughters-win-medals-at-national-water-sports-championship-honored-by-mla-shailendra-jain








