
डबरा/भरत रावत की रिपोर्ट: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में डबरा के युवा विशाल शिवहरे ने ऐतिहासिक सफलता हासिल कर शहर और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशाल ने ओबीसी वर्ग में प्रदेशभर में प्रथम तथा समग्र मेरिट सूची में छठा स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन खनिज विभाग में माइनिंग इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। परिणाम घोषित होते ही डबरा में खुशी की लहर दौड़ गई और शिवहरे परिवार को बधाइयां देने वालों का तांता लग गया।
विशाल शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी हरनारायण शिवहरे के पुत्र एवं भूपेंद्र शिवहरे के छोटे भाई हैं। उनकी सफलता को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और शुभचिंतकों ने इसे डबरा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
चौथे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
विशाल शिवहरे ने बताया कि यह उनका चौथा प्रयास था। शुरुआती तीन प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कमियों का विश्लेषण किया, अध्ययन की रणनीति बदली और लगातार मेहनत जारी रखी। इसी दृढ़ संकल्प का परिणाम रहा कि इस बार उन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया।
दिन में व्यापार, रात में पढ़ाई
विशाल ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान वे दिन में अपने पिता के साथ पारिवारिक व्यवसाय संभालते थे और रात में नियमित रूप से पढ़ाई करते थे। उन्होंने कहा कि बड़े भाई भूपेंद्र शिवहरे का मार्गदर्शन और परिवार का निरंतर सहयोग उनकी सफलता का सबसे बड़ा आधार रहा।
ग्वालियर में की तैयारी
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए विशाल ने ग्वालियर स्थित निर्माण आईएएस संस्थान में संजय गुप्ता के मार्गदर्शन में कोचिंग ली। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े भाई, गुरुजनों और पूरे परिवार को दिया।
अब MPPSC-2026 पर नजर
माइनिंग इंस्पेक्टर के पद पर चयन होने के बावजूद विशाल का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि उनका अंतिम उद्देश्य प्रशासनिक सेवा में उच्च पद प्राप्त करना है। इसके लिए वे अब MPPSC-2026 की मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं।
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
अपनी सफलता के बाद विशाल शिवहरे ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से कभी घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि “निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।”
संत श्री गणेशदास जी महाराज के सान्निध्य में हुआ सम्मान
विशाल शिवहरे की उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में श्री श्री 1008 संत श्री गणेशदास जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं और समाजजनों ने आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे समारोह का माहौल उत्सव और श्रद्धा से सराबोर रहा। गुरुदेव ने विशाल शिवहरे को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि मेहनत, अनुशासन एवं संस्कार जीवन में बड़ी सफलता की नींव होते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, चरित्र निर्माण और समाज सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। सम्मान समारोह में शिवहरे समाज के वरिष्ठजन, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विशाल शिवहरे का अभिनंदन करते हुए उनकी उपलब्धि को डबरा और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
ये भी पढ़े – जनसमस्याओं को लेकर डबरा में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
- dabra-vishal-shivhare-secures-obc-rank-1-and-overall-rank-6-in-mppsc-selected-as-mining-inspector











