
बुरहानपुर: जिले की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन विभाग ने तारापाटी बैराज के विशेष मरम्मत कार्यों के लिए 1 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह स्वीकृति विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस (दीदी) के लगातार प्रयासों के बाद मिली है। शासन की मंजूरी के साथ ही लंबे समय से लंबित इस परियोजना के जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
अर्चना चिटनिस ने बताया कि अगस्त 2023 में 22 से 24 अगस्त के बीच हुई रिकॉर्ड अतिवृष्टि के कारण बुरहानपुर जिले के कई बैराजों को भारी नुकसान पहुंचा था। इससे उनकी जल संग्रहण क्षमता प्रभावित हुई और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। किसानों की इस समस्या को देखते हुए उन्होंने लगातार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विभागीय अधिकारियों के समक्ष क्षतिग्रस्त बैराजों के पुनर्स्थापन और मरम्मत का मुद्दा उठाया।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर नगर निगम का जर्जर भवनों पर एक्शन, डाकवाड़ी रैन बसेरा के पास खतरनाक मकान किया ध्वस्त
उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा जिले की सिंचाई परियोजनाओं के पुनर्स्थापन के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रशासनिक स्वीकृतियां दी जा रही हैं। इससे पहले वर्ष 2023 की अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त बैराजों के विशेष मरम्मत कार्यों के लिए 2 करोड़ 92 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इसके तहत मोहना नदी पर बने बोदरली बैराज, रायसेना बैराज, खोखरी बैराज क्रमांक-2 तथा रेहटा-नीमगांव बैराज के विंग वॉल, रिटर्निंग वॉल और अन्य मरम्मत कार्य स्वीकृत किए गए थे।
इसके बाद बख्खारी बैराज के विशेष मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्यों के लिए 2 करोड़ 84 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई। अब नवीन स्वीकृति के तहत तारापाटी बैराज की मरम्मत के लिए 1.96 करोड़ रुपये मंजूर होने से जिले के सिंचाई ढांचे के पुनर्निर्माण कार्यों को और गति मिलेगी। अर्चना चिटनिस ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद तारापाटी बैराज की जल संग्रहण क्षमता फिर से बढ़ेगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सिंचाई परियोजनाओं को लगातार स्वीकृति दे रही है और आने वाले समय में अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की जरूरतों के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन के सहयोग से बुरहानपुर जिले की सिंचाई व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा इसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलेगा।
ये भी पढ़े – सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने शाहपुर में वरिष्ठजनों और समाज प्रमुखों से की आत्मीय मुलाकात, विकास पर लिया फीडबैक
- burhanpur-tarapati-barrage-special-repair-gets-rs-1-96-crore-administrative-approval-after-archana-chitnis-efforts








