
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोंन थाना में पदस्थ थाना प्रभारी बृजलाल पटेल के स्थानांतरण पर ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विदाई दी। उन्हें दूल्हे की तरह घोड़े पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस अनोखी विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घोड़े पर बैठाकर निकाली विदाई यात्रा
रविवार रात थाना परिसर में आयोजित विदाई समारोह में ग्रामीणों ने थाना प्रभारी बृजलाल पटेल का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद उन्हें दूल्हे की तरह घोड़े पर बैठाकर गांव में घुमाया गया और मां कलेही माता मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने दर्शन किए।
ग्रामीणों की आंखें हुईं नम
बृजलाल पटेल का तबादला मगरोंन थाना से दमोह कोतवाली हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि वे धार्मिक प्रवृत्ति के होने के साथ-साथ लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार के लिए भी जाने जाते थे। उनके स्थानांतरण पर कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
नई थाना प्रभारी का हुआ स्वागत
विदाई समारोह के दौरान नवागत थाना प्रभारी वंदना गौर का भी स्वागत किया गया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा लोगों के सहयोग के लिए तत्पर रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
समारोह में रामशरण सोनकिया, करन सिंह, तिलक सिंह राजपूत, जाहर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
- damoh-magron-police-station-farewell-horse-procession-viral-video











