
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में 1.20 लाख पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में नगर पालिका खुरई, नगर परिषद मालथौन, बांदरी और बरोदिया कलां के साथ-साथ खुरई एवं मालथौन जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न शासकीय विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान ने जनआंदोलन का रूप लेते हुए पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य कार्यक्रम आवासीय कॉलोनी परिसर में आयोजित किया गया, जहां हजारों स्कूली छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मां और वृक्ष दोनों ही निस्वार्थ भाव से जीवनभर दूसरों का पालन-पोषण करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर 20 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान का भी उल्लेख किया गया। भूपेन्द्र सिंह ने युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से नशा विरोधी रैली में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति दोनों आवश्यक हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ ही पं. केसी शर्मा स्कूल परिसर में छात्र कल्याण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान 140 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जबकि पूरे खुरई विकासखंड में इस योजना के तहत अब तक 911 छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले ऋतिक कुर्मी (एग्रीकल्चर) और रिंकी साहू (आर्ट्स) को स्कूटी प्रदान की गई। विधायक ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत रहा तथा 40 विद्यार्थियों को लैपटॉप योजना का लाभ मिला। वहीं, दो विद्यार्थियों का चयन पीएटी परीक्षा में होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर मनोज चौरसिया, एसडीएम शर्मा, तहसीलदार ऋतु राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, सीएमओ राजेश मेहतेल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
ये भी पढ़े – सीताराम रसोई परिवार ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को भेंट की अत्याधुनिक HFNC मशीन, गंभीर नवजातों को मिलेगा बेहतर उपचार
- khurai-one-tree-for-mother-campaign-1-20-lakh-saplings-planted-911-girl-students-get-bicycles-meritorious-students-receive-scooties










