
बीना/ मनीष कुमार चौबे: देश में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ युवाओं और किसानों का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में सागर जिले के बीना में रविवार शाम गांधी चौराहा पर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले शांतिपूर्ण सत्याग्रह और अनशन का आयोजन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं, किसान नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई। इसके साथ ही दिल्ली में आंदोलन कर रहे वैज्ञानिक और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में भी आवाज बुलंद की गई।
व्यापम और NEET जैसी परीक्षाओं में धांधली का मुद्दा उठा
संयुक्त किसान मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष सीताराम ठाकुर ने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। व्यापम से लेकर NEET जैसी परीक्षाओं में धांधली के आरोपों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत और भविष्य दोनों पर संकट खड़ा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि यह सत्याग्रह केवल पेपर लीक के खिलाफ विरोध नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की सामूहिक आवाज है।
‘छात्रों की सालों की मेहनत पर फिर जाता है पानी’
यह भी पढ़े: http://दतिया उपचुनाव में किन्नर अखाड़े की एंट्री, महामंडलेश्वर संजना सिंह ने ठोका चुनावी दावा
स्थानीय पार्षद बीडी रजक ने कहा कि एक छात्र वर्षों तक दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। ऐसे में जब पेपर लीक हो जाता है तो उसकी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे युवाओं में निराशा और मानसिक तनाव बढ़ता है।
उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि युवाओं और देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
गांधी चौराहा पर आयोजित सत्याग्रह में सीताराम ठाकुर, पार्षद बीडी रजक, सुरेंद्र सिंह, प्रतिपाल सिंह, धर्मेंद्र राजपूत, हेमंत, रविंद्र सिंह, राघवेंद्र, अमित साहू और उमेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा, किसान नेता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
- bina-sagar-paper-leak-protest-satyagraha-sonam-wangchuk-support-youth-demonstration










