
मुरैना।महेंद्र सिंह लहरिया| स्मार्ट मीटर को लेकर चल रही बहस के बीच मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, मुरैना के महाप्रबंधक (GM) के कथित बयान “यह आपका भ्रम है” के बाद उपभोक्ताओं के बीच नई चर्चा शुरू हो गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि उनकी पूर्व सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। वहीं कोतवाली फीडर में 25 KVA सिंगल पोल वितरण ट्रांसफार्मरों (DTR) पर लगाए गए मीटर को लेकर भी शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की गई है।
बिना अनुमति स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप
कुछ उपभोक्ताओं का दावा है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी पूर्व सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि विभाग का मानना है कि लोगों में भ्रम की स्थिति है, तो गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जनजागरूकता अभियान चलाकर स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया, बिलिंग व्यवस्था, लाभ और उपभोक्ताओं के अधिकारों की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।
DTR मीटर की वैधता पर भी उठे सवाल
शिकायत में कोतवाली फीडर के 25 KVA सिंगल पोल वितरण ट्रांसफार्मरों पर लगाए गए DTR मीटर की तकनीकी और कानूनी वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने विद्युत वितरण कंपनी से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि इन मीटरों की स्थापना किस कानून, तकनीकी मानक या विभागीय आदेश के तहत की गई है।
जांच और कार्रवाई की मांग
आवेदन में मांग की गई है कि यदि जांच में यह सामने आता है कि DTR मीटर बिना स्वीकृत तकनीकी मानकों या विभागीय प्रक्रिया के लगाए गए हैं, तो संबंधित वेंडर, कार्यादेश (वर्क ऑर्डर), तकनीकी स्वीकृति और कार्य गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों और वेंडर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल विद्युत वितरण कंपनी की ओर से इन आरोपों और शिकायतों पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। जांच और विभागीय जवाब के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्मार्ट मीटर और DTR मीटर की स्थापना निर्धारित नियमों एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप की गई थी या नहीं।
यह भी पढ़े: शिवपुरी में महिला अधिवक्ता ने ऑनलाइन उत्पीड़न का लगाया आरोप, साइबर जांच की मांग
- morena-smart-meter-dtr-meter-complaint-investigation-demand-news











