
बीना/ मनीष कुमार चौबे: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में पानी की टंकी साफ करते समय छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 28 वर्षीय युवक की 22 दिन बाद भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और अहिरवार समाज के लोगों ने शव को गांधी चौराहे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ एफआईआर की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, भगत सिंह वार्ड निवासी सोहन अहिरवार 2 जुलाई को जीत ट्रांसपोर्ट संचालक के मकान की छत पर रखी पानी की टंकी साफ करने गया था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
परिजन उसे तत्काल बीना सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सागर और फिर भोपाल रेफर किया गया। सोहन करीब 22 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शव गांधी चौराहे पर रखकर किया चक्काजाम
शुक्रवार देर शाम शव बीना पहुंचने के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने गांधी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के दोनों ओर रस्सियां बांधकर यातायात रोक दिया। चक्काजाम के कारण गांधी चौराहा, स्टेशन रोड, झांसी फाटक, ओवरब्रिज और सागर फाटक मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
परिजन मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।
जनप्रतिनिधियों ने भी किया समर्थन
चक्काजाम की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता इंदर सिंह ठाकुर और नानक वार्ड पार्षद बीडी रजक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।
मर्ग डायरी आने के बाद जांच और कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनूप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और समाज के लोगों से बातचीत की। थाना प्रभारी ने लिखित आश्वासन दिया कि भोपाल से मर्ग डायरी प्राप्त होते ही मामले की प्राथमिकता से जांच की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई और एफआईआर की जाएगी। आश्वासन के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। शव को सड़क से हटाए जाने के बाद गांधी चौराहे पर यातायात सामान्य हो सका।
यह भी पढ़े: MP Paper Leak Cases: मध्य प्रदेश में पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए 4 फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित
- bina-youth-dies-after-falling-from-roof-kin-protest-with-body










