
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: जिले की बैराड़ पुलिस ने गैस कटर से ज्वेलरी दुकान का ताला काटकर चोरी का प्रयास करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टाटा नेक्सॉन कार, 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गैस कटर से काट रहे थे ज्वेलरी दुकान का ताला
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के अनुसार, प्रिंस ज्वेलर्स के संचालक जगदीश प्रसाद गुप्ता ने 22 जुलाई को चोरी के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद रात करीब 1:20 बजे पुलिस को दुकान के बाहर आग लगने की सूचना मिली।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि बदमाश गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटकर चोरी का प्रयास कर रहे थे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश गैस कटर से ताला काटते हुए दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
यह भी पढ़ें: CJP के बाद सोशल मीडिया पर छाया RHA, 35 लाख फॉलोअर्स के साथ E20 जनता पार्टी भी चर्चा में
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह निवासी जौरा, राकेश कुशवाह और उनके साथियों की पहचान की। 26 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य नेक्सॉन कार से पहाड़गढ़ की ओर आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने सहसराम पहाड़गढ़ मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, कट्टा और कारतूस बरामद
कार में सवार सौरभ कुशवाह (20), निवासी भूराडाढ़ा, जिला मुरैना और आकाश रावत (28), निवासी भूपतपुरा, जौरा को पुलिस ने हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान सौरभ के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में सौरभ ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह गिरोह का सरगना है। उसने राकेश कुशवाह, देवेंद्र उर्फ देवू उर्फ चुटिया सविता और आकाश रावत के साथ मिलकर बैराड़ की सराफा दुकानों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही भागे बदमाश
पुलिस के अनुसार, वारदात की योजना के तहत रिंकू गैस कटर लेकर आया था, जबकि सौरभ और देवू हथियार लेकर पहुंचे थे। आकाश रावत वारदात के दौरान नशे की हालत में कार में ही सो गया था। इसी बीच पुलिस के पहुंचने की भनक लगने पर आरोपी चोरी किए बिना ही मौके से फरार हो गए।
धौलपुर, भिंड और आगरा में भी दर्ज हैं मामले
यह भी पढ़े: इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, NDA सांसदों ने किया जोरदार स्वागत
पूछताछ में सौरभ ने पुलिस को बताया कि वह और रिंकू पहले भी धौलपुर, भिंड और आगरा में चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार रिंकू के खिलाफ अलग अलग जिलों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वही गिरोह का संचालन करता है।
फिलहाल पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टाटा नेक्सॉन कार, देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं। पुलिस गिरोह के फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
- Shivpuri Bairad Jewelry Shop Theft Attempt Gas Cutter Two Arrested








