
सागर/ मनीष कुमार चौबे: विद्यार्थियों को कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सागर पुलिस की ‘सृजन संवाद योजना’ के तहत शुक्रवार को द्वितीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सांदीपनी स्कूल सागर और सांदीपनी स्कूल बांदरी के विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
सांदीपनी स्कूल सागर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अधिकार, सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता, आपातकालीन पुलिस सहायता और नागरिक कर्तव्यों के बारे में भी समझाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी अपराध, असुरक्षा या परेशानी की स्थिति में बिना डर या संकोच के पुलिस से सहायता लेनी चाहिए। महिला थाना प्रभारी श्रीमती संतोषी कनासिया ने महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की भूमिका और उपलब्ध सहायता व्यवस्था की जानकारी भी दी।
विद्यार्थियों ने थाना बांदरी और गोपालगंज का किया भ्रमण
योजना के तहत सांदीपनी स्कूल बांदरी के छात्र छात्राओं को थाना बांदरी और सागर के थाना गोपालगंज का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझाना था।
थाना बांदरी में थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने विद्यार्थियों को थाना परिसर और पुलिस के विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्हें शिकायत प्राप्त करने और पंजीयन की प्रक्रिया, विवेचना, अभिलेख संधारण, महिला संबंधी मामलों में पुलिस की भूमिका और आम नागरिकों को मिलने वाली पुलिस सेवाओं के बारे में बताया गया।
थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कई सवाल पूछे। पुलिसकर्मियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए दैनिक पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
हर दूसरे दिन 100, 100 विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
सागर पुलिस के अनुसार ‘सृजन संवाद योजना’ के तहत जिले के अलग अलग विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है। हर दूसरे दिन विद्यार्थियों को संवाद, प्रशिक्षण, जागरूकता गतिविधियों और पुलिस संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण से जोड़ा जाएगा।
पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सुरक्षा के प्रति सजगता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि विद्यार्थी खुद सुरक्षित रहने के साथ परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकें।
17 अगस्त तक चलेगा अभियान
‘सृजन संवाद योजना’ 5 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित की जा रही है। अभियान पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में चल रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी को योजना का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
आगामी कार्यक्रमों में भी विद्यार्थियों को कानून, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नागरिक दायित्वों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, पुलिस अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
यह भी पढ़े: सतना में स्कूल बसों की चेकिंग, 26 वाहनों की जांच; एक बस की फिटनेस निरस्त
- sagar-police-srijan-samvad-yojana-students-awareness-program











