
राजधानी में आईएएस एसोसिएशन की ओर से हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कई सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पहुंचे, लेकिन एक रिटायर्ड प्रमुख सचिव की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में उनकी विदाई भी शामिल थी, बावजूद इसके साहब समारोह में नजर नहीं आए।
बताया जाता है कि साहब का सेवाकाल प्रभावशाली पोस्टिंग से भरा रहा। उन्होंने कई बड़े और महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, सेवा के आखिरी दौर में परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं। रिटायरमेंट से पहले विभाग बदलने और एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं भी तेज थीं।
यह भी पढ़े: IPS अधिकारी के पति के संविलियन पर सवाल, 16 साल की सेवा प्रभावित होने का दावा
सूत्रों की मानें तो साहब ने आखिरी पारी में किसी महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी पाने के लिए प्रयास भी किए, लेकिन बात नहीं बन सकी। आखिरकार उन्हें ऐसी जिम्मेदारी के साथ सेवानिवृत्त होना पड़ा, जिसे प्रशासनिक गलियारों में अपेक्षाकृत कम प्रभाव वाली पोस्टिंग माना जाता है।
अब अपनी ही विदाई में साहब की गैरमौजूदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। लिहाजा, इसके पीछे किसी नाराजगी को वजह मानना फिलहाल सिर्फ अटकल ही होगी।
यह भी पढ़े: एडीजी साहब से काम है तो पहले इन दो कांस्टेबलों से मिलिए!
- retired-principal-secretary-misses-own-farewell-party-ias-association








