
पिछोर/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: भौती थाना क्षेत्र की खोड़ चौकी अंतर्गत ग्राम गणेशखेड़ा में शराब के नशे में हंगामा कर रहे 22 वर्षीय युवक के हाथ में कट्टेनुमा हथियार दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वीडियो की जांच की और युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गणेशखेड़ा निवासी राजपाल पुत्र बाबूलाल जाटव शराब के नशे में गांव में हंगामा कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में कट्टेनुमा हथियार दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और उसके हाथ में दिखाई दे रहे हथियार की जांच की।
जांच में पुराना और टूटा मिला हथियार
पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा कट्टेनुमा हथियार पुराना और टूटा हुआ था। पुलिस के अनुसार हथियार अधूरी स्थिति में था और उसमें घोड़ा भी मौजूद नहीं था। हालांकि, शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और लोगों को परेशान करने की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, राजपाल के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 12/26 के तहत धारा 170, 126 एवं 135 में कार्रवाई की गई। इसके बाद तहसीलदार पिछोर द्वारा जेल वारंट तैयार किए जाने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के नशे में सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा कर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
ये भी पढ़े – पिछोर में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, प्रशासन को दी एक घंटे की चेतावनी
- pichhore-ganeshkheda-drunk-youth-created-ruckus-katta-like-weapon-video-viral-police-action








