रतलाम में बोलेरो से 10 पेटी अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

रतलाम। जिले में अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रावटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो नियो वाहन से 10 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 9.34 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई 4 और 5 नवंबर 2026 की दरमियानी रात चैनपुरा फंटा, रतलाम रोड पर की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोकी बोलेरो

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना आईपीएस लेखराज मीणा के निर्देशन में रावटी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चैनपुरा फंटा रतलाम रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान रतलाम रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो नियो कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे।

वाहन से मिली बीयर और प्लेन शराब की 10 पेटियां

पूछताछ में वाहन सवारों की पहचान नंदकिशोर गुप्ता (32), निवासी कजरू खुर्द, जिला पलामू, झारखंड और संजय पोरवाल (34), निवासी ईश्वरनगर, रतलाम के रूप में हुई।

पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी से माउंट कंपनी की बीयर की 7 पेटियां और प्लेन मदिरा के क्वार्टर की 3 पेटियां मिलीं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास शराब के परिवहन से संबंधित लाइसेंस या परमिट नहीं था। इसके बाद पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो नियो वाहन जब्त कर लिया।

9.34 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने कुल 10 पेटी शराब की कीमत 34,320 रुपये बताई है। वहीं, बोलेरो नियो वाहन की अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये है। इस तरह जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 9,34,320 रुपये बताया गया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

कार्रवाई में रावटी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर के साथ प्रधान आरक्षक राजेश बख्शी, आरक्षक बहादुर दांगी, अवधेश सिंह परमार, राकेश निनामा और थाने की पुलिस टीम की भूमिका रही।

 

  • ratlam-rawti-police-illegal-liquor-seizure-two-arrested
Srota Swati Tripathy

Srota Swati Tripathy

Related Posts

जंतर-मंतर प्रदर्शन मामला: क्राइम ब्रांच पहुंचें सौरभ दास और आशुतोष रांका

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले…

मैहर में युवा मोर्चा की रैलियों से संगठन और सत्ता के बीच दूरी की चर्चा

मैहर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

Ultraviolette का AI स्मार्ट हेलमेट लॉन्च! हाई-टेक फीचर्स और फ्यूचरिस्टिक लुक ने खींचा सबका ध्यान

Ultraviolette का AI स्मार्ट हेलमेट लॉन्च! हाई-टेक फीचर्स और फ्यूचरिस्टिक लुक ने खींचा सबका ध्यान

शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का निधन, जैत में आज अंतिम संस्कार

शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का निधन, जैत में आज अंतिम संस्कार

चक्रवात अर्नब कमजोर, बंगाल की खाड़ी में फिर बन रहा नया सिस्टम, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अर्नब कमजोर, बंगाल की खाड़ी में फिर बन रहा नया सिस्टम, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Travel Mart 2026 में पर्यटन को बड़ा निवेश, 3,700 करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव

MP Travel Mart 2026 में पर्यटन को बड़ा निवेश, 3,700 करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव

हैरी केन ने जीता बैलन डी’ओर 2026, 25 साल बाद इंग्लैंड का कमाल

हैरी केन ने जीता बैलन डी’ओर 2026, 25 साल बाद इंग्लैंड का कमाल