
मैहर: नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में अमरपाटन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 5 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी स्कूल आते-जाते समय नाबालिग का पीछा करता था और उससे बातचीत करने के लिए दबाव बनाता था। मना करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरपाटन ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमरपाटन निरीक्षक विजय सिंह परस्ते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
स्कूल जाते समय छेड़छाड़ का आरोप
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को नाबालिग बालिका ने थाना अमरपाटन में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 8 अगस्त को स्कूल जाते समय आरोपी दिलीप पाठक, निवासी मझगंवा, ने उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। इसके बाद भी आरोपी कथित तौर पर स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा करता रहा और बातचीत करने के लिए दबाव बनाता था। बालिका द्वारा बातचीत से इनकार करने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर थाना अमरपाटन पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 74, 75(2), 78(2), 351(3) बीएनएस एवं धारा 11/12 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 5 घंटे के भीतर आरोपी दिलीप पाठक को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। दिलीप पाठक, पिता सनत कुमार पाठक, उम्र 36 वर्ष, निवासी मझगंवा, थाना अमरपाटन, जिला मैहर।कार्रवाई में थाना प्रभारी अमरपाटन निरीक्षक विजय सिंह परस्ते, उप निरीक्षक मोहनी शर्मा, प्रधान आरक्षक सुशील तिवारी, प्रधान आरक्षक रावेन्द्र मिश्रा और आरक्षक सुरजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े – मैहर में महिला सफाई मित्रों का होगा सम्मान, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी देंगे ₹2,500 की प्रोत्साहन राशि
- maihar-minor-girl-harassment-threat-accused-arrested-in-5-hours-amarpatan-police








