
सार
कुलदीप शर्मा|शिवपुरी/पिछोर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास के दौरान खनियांधाना और बामौरकलां क्षेत्र में चार बड़े विकास कार्यों का लोकार्पण किया। अछरौनी, चमरौआ, बामौरकलां और पिपरा में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 6.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं का लोकार्पण हुआ। सिंधिया ने पिछोर क्षेत्र में 1.10 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई के लिए 3,423 करोड़ रुपये की योजना और 130 गांवों में पेयजल पहुंचाने की 1,307 करोड़ रुपये की योजना की भी जानकारी दी।
विस्तार
शिवपुरी/पिछोर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सोमवार के दौरे की शुरुआत खनियांधाना क्षेत्र के अछरौनी से हुई। यहां उन्होंने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इसके बाद फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर करीब 179.77 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण किया। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा के विस्तार की दृष्टि से इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चमरौआ में विद्युत उपकेंद्र की सौगात
अछरौनी के बाद सिंधिया चमरौआ पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 195 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।
नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने और स्थानीय उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बामौरकलां में उप तहसील कार्यालय का लोकार्पण
इसके बाद केंद्रीय मंत्री बामौरकलां पहुंचे, जहां करीब 124 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित उप तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।
नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
पिपरा में भी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण
बामौरकलां के बाद सिंधिया ने पिपरा में करीब 146 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया।
चारों परियोजनाओं की कुल लागत करीब 6.45 करोड़ रुपये बताई गई है। इन परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया है।
1.10 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई से जोड़ने की योजना
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए सिंधिया ने पिछोर क्षेत्र में चल रही बड़ी विकास योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की करीब 1 लाख 10 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने के लिए 3,423 करोड़ रुपये की वृहद योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग कलेक्टर के साथ की जा रही है।
130 गांवों में पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
सिंधिया ने बताया कि नल-जल योजना के तहत 130 गांवों में करीब 1,307 करोड़ रुपये की लागत से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पेयजल और सिंचाई से जुड़ी इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों और किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
पिछोर में 100 बिस्तरों के अस्पताल के लिए 20 करोड़ मंजूर
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछोर में 100 बिस्तरों के अस्पताल के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। अस्पताल के तैयार होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
बामौरकलां में बैंक शाखा की मांग
बामौरकलां में स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री के सामने राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग रखी। सिंधिया ने इस मामले में वित्त मंत्री को पत्र लिखने और समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। सिंधिया ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए सरकार की विकास प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
ये भी पढ़े – चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया दौरा, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
- sindhia-shivpuri-khaniyadhana-bamor-kalan-development-projects-inauguration








