
सार
देवेश शर्मा| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर मैहर के बड़ा अखाड़ा परिसर में भव्य जन्माष्टमी समारोह आयोजित किया गया। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथि कलाकारों ने भक्ति संगीत और लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक आतिशबाजी ने उत्सव का उल्लास और बढ़ा दिया।
विस्तार
मैहर, 04 सितंबर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मैहर के बड़ा अखाड़ा परिसर में जन्माष्टमी का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भाव-विभोर होकर कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथि कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का रंग भर दिया। श्री ऋषभ त्रिपाठी ने तबले पर संगत की, जबकि श्री अभिनंदन उरमालिया ने गायन एवं हारमोनियम से प्रस्तुति दी। सुश्री शिवांगी मिश्रा के सुमधुर गायन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्री शिवेश पांडे ने झांझ की मनमोहक संगत से भक्ति संगीत को और प्रभावी बनाया।
भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों के दौरान “ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन” और “मेरे तो गिरधर गोपाल” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को कृष्णमय कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरे परिसर में भक्ति एवं उल्लास की लहर देखने को मिली।
कार्यक्रम में श्री सत्यभान पटेल, श्री उत्तम पांडे, श्री अशोक चौबे (पार्षद) सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी भी की गई, जिसने आयोजन के उत्साह को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक श्री सौरभ कुमार चौरसिया तथा सहयोगी श्री बृजेश कुमार द्विवेदी एवं श्री भरत तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से मैहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करते हुए नगरवासियों को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास से जोड़ने का प्रयास किया गया।
- maihar-bada-akhada-grand-krishna-janmashtami-celebration









