
डबरा/ भरत रावत: पिछोर रोड स्थित ढाबों पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। SDM नवकिरण कौर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान दो ढाबों से अवैध शराब बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसने ढाबों में खाद्य सामग्री की जांच कर सैंपल लिए।
दो ढाबों पर अचानक पहुंची प्रशासन की टीम
डबरा एसडीएम नवकिरण कौर पुलिस दल के साथ पिछोर रोड स्थित ढाबों पर अचानक जांच के लिए पहुंचीं। प्रशासन की टीम को यहां अवैध गतिविधियों की शिकायत और जानकारी मिली थी। इसके बाद दो ढाबों की जांच-पड़ताल की गई।
जांच के दौरान दोनों ढाबों पर अवैध रूप से शराब रखे जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके से शराब बरामद कर ली और कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया।
भारी पुलिस बल रहा मौजूद
संयुक्त कार्रवाई के दौरान डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार, डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अचानक हुई कार्रवाई से ढाबा संचालकों और आसपास के लोगों में भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने ढाबों में शराब रखने और उससे जुड़ी गतिविधियों की जांच की। बरामद शराब को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
फूड सेफ्टी टीम ने लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल
कार्रवाई में फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी शामिल किया गया था। टीम ने दोनों ढाबों में खाद्य सामग्री की जांच की और अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। इन सैंपलों की जांच के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को ढाबों पर अवैध शराब की बिक्री और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खिलाफ सख्त कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
- pichhor-road-dhaba-sdm-raid-illegal-liquor-seized








