
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को देश का सिर्फ भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की ताकत बताया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और निरंतरता तथा सामाजिक समरसता के तीन संकल्प दिलाए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य ऑडिटोरियम में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की मौजूदा ताकत है और अंतरिक्ष, स्टार्टअप, खेल तथा तकनीक सहित अलग-अलग क्षेत्रों में युवा अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मेरठ के हुनर का किया जिक्र
नितिन नवीन ने मेरठ की खेल सामग्री और यहां के कारीगरों के हुनर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेरठ में तैयार होने वाले क्रिकेट बैट, हॉकी स्टिक, बैडमिंटन रैकेट और बॉक्सिंग ग्लव्स की पहचान देश-विदेश तक है। उन्होंने दावा किया कि भारत से निर्यात होने वाली खेल सामग्री में मेरठ की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत है।
उन्होंने मेरठ में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का भी उल्लेख किया। करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस विश्वविद्यालय का पहला सत्र शुरू होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
युवाओं से कहा- अवसर का इस्तेमाल करें
नितिन नवीन ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए अवसर और मंच उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उस मंच पर प्रदर्शन युवाओं को स्वयं करना होगा। उन्होंने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, नमो भारत और मेरठ मेट्रो जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से विकास तथा रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को सही दिशा देने और उपलब्ध अवसरों का इस्तेमाल करने की अपील की। संवाद के दौरान युवाओं ने भी सवाल पूछे, जिन पर नितिन नवीन ने चर्चा की।
युवाओं को दिलाए तीन संकल्प
युवा संवाद के दौरान नितिन नवीन ने युवाओं को तीन संकल्प दिलाए। इनमें पहला राष्ट्र प्रथम था। उन्होंने कहा कि पढ़ाई, नौकरी, व्यापार या समाजसेवा सहित हर काम में देश के हित को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
दूसरा संकल्प अनुशासन और निरंतरता का था। युवाओं से अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने, भटकाव से बचने और अपने लक्ष्य पर लगातार ध्यान केंद्रित करने की बात कही गई।
तीसरा संकल्प सामाजिक समरसता का रहा। इसमें भाईचारे, स्वच्छता और सकारात्मक बदलाव के लिए काम करने तथा समाज को बांटने वाली ताकतों का मुकाबला करने की बात कही गई।
नितिन नवीन ने स्वामी विवेकानंद के विचार का उल्लेख करते हुए युवाओं की ऊर्जा और संकल्प को देश के विकास से जोड़ा। उन्होंने कहा कि युवा जब सोचता है तो देश आगे बढ़ता है और जब संकल्प लेता है तो नए युग का निर्माण होता है।
- Nitin-Naveen-Youth-Dialogue-Meerut-Three-Resolutions-Rashtra-Pratham-Discipline-Social-Harmony








