
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। ऐसे में सोमवार को बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा।
बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सोमवार से शुरू होने वाली प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल अब टल गई है। IBA और UFBU के बीच बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी। इससे 28 से 30 सितंबर के बीच बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने वाला संभावित असर फिलहाल टल गया है।
क्यों होने वाली थी तीन दिन की बैंक हड़ताल?
UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल था। इसके अलावा पेंशन से जुड़े मुद्दों, PLI योजना में बदलाव और कर्मचारियों की पर्याप्त भर्ती सहित कई मांगें भी उठाई गई थीं।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर यूनियनों का कहना था कि सभी शनिवारों को अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। मार्च 2024 के द्विपक्षीय समझौते में इस मुद्दे पर प्रस्ताव का भी उल्लेख किया गया था।
हड़ताल की तारीख महीने के अंत से जुड़ी होने के कारण बैंक ग्राहकों और कारोबारियों के बीच सेवाओं को लेकर चिंता थी। खासकर चेक क्लीयरेंस, नकद लेनदेन और अन्य शाखा संबंधी काम प्रभावित होने की आशंका थी।
यह भी पढ़े: उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
IBA-UFBU बैठक के बाद बनी सहमति
रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया। सहमति के तहत सभी शनिवारों को बैंक अवकाश देने के मुद्दे पर विचार के लिए संयुक्त समिति बनाने पर सहमति बनी है। समिति संबंधित पक्षों से बातचीत कर समाधान तलाशेगी।
स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI योजना को लेकर भी आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। IBA ने यूनियनों और बैंक संगठनों की आपत्तियों पर सरकार के सामने संशोधन का प्रस्ताव रखने की बात कही है।
आज बैंक खुले हैं या बंद?
आज 28 सितंबर 2026, सोमवार को बैंक हड़ताल के कारण बंद नहीं हैं। देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित हो चुकी है और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की जानकारी दी गई है। हालांकि, किसी शाखा पर स्थानीय अवकाश लागू है या नहीं, यह संबंधित बैंक की स्थानीय छुट्टी सूची पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़े: विराट कोहली ने रचा इतिहास, 15 हजार ODI रन पूरे कर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा
- bank-strike-postponed-september-2026







