
मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी चल रही है। गृह विभाग ने 6 IPS सहित 17 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं, हालांकि इसके बाद भी पुलिस विभाग में एक और बड़े स्तर के फेरबदल की चर्चा तेज है। गृह विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक प्रस्तावित सूची में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2022 बैच के अधिकारियों के प्रमोशन और लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ अधिकारियों की नई जमावट के कारण कई जिलों में नए SP भेजे जा सकते हैं। इस बदलाव में फील्ड पोस्टिंग को प्रमुखता दिए जाने की संभावना बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार इसी साल IPS में प्रमोट हुए और करीब सात साल की वेटेज वाले अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग दी जा सकती है। इनमें निमिष पांडे, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सब्यसाची सराफ और समर वर्मा के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं। इनमें से अमित सक्सेना, सब्यसाची सराफ और समर वर्मा को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई गई है। जिन जिलों में SP बदले जाने की चर्चा है, उनमें अलीराजपुर भी शामिल है, क्योंकि वहां के SP रघुवंशी प्रसाद सिंह DIG बन चुके हैं। इसके अलावा जबलपुर, निवाड़ी, सीधी, ग्वालियर, रतलाम, छिंदवाड़ा और सागर के SP बदले जाने की चर्चा भी सामने आई है।
कमिश्नरेट व्यवस्था में भी नई पोस्टिंग की तैयारी बताई गई है। भोपाल में DCP ट्रैफिक और DCP इंटेलिजेंस के पद खाली हैं, जबकि इंदौर में जोन-4 DCP का पद रिक्त बताया जा रहा है। भोपाल में श्रद्धा तिवारी के DIG बनने के बाद DCP मुख्यालय की जिम्मेदारी भी बदली जा सकती है। प्रस्तावित सूची में केवल जिलों के SP ही नहीं, बल्कि बटालियन, रेडियो और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अधिकारियों की नई पोस्टिंग भी शामिल हो सकती है। करीब आठ ऐसे अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं जो वर्तमान में बटालियन, रेडियो या PHQ में पदस्थ हैं। अंतिम फैसला शासन स्तर पर सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा
- mp-ips-officers-reshuffle-sp-postings








