
चेन्नई: दक्षिण भारतीय राज्यों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के चेन्नई पहुंचे हैं। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) ने उनका गर्मजोशी से फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चेन्नई पहुंचे अमित शाह जब सीएम विजय से मिले, तो दोनों नेताओं के बीच काफी सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा कीं तस्वीरें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ हुई इस मुलाकात की तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि चेंगलपट्टू के कोवलम में आयोजित होने वाली सदर्न जोनल काउंसिल की 31वीं बैठक से पहले उन्होंने चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की।
गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक के बाद शाम को उनके ऐतिहासिक शोर मंदिर (Shore Temple) में पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम है। इसके पश्चात वे पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी रवाना होंगे, जहां शुक्रवार को सीमा सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
बैठक में कौन-कौन होगा शामिल?
दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की इस अहम बैठक की मेजबानी इस बार तमिलनाडु कर रहा है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय इस परिषद के उपाध्यक्ष हैं। इस बैठक में दक्षिणी राज्यों आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना के अलावा केंद्र शासित प्रदेशों पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, प्रशासक और प्रत्येक राज्य के दो-दो वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे।
यह परिषद दो या दो से अधिक राज्यों अथवा केंद्र और राज्यों के बीच अंतर-राज्यीय सहयोग, लंबित विवादों और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक व्यवस्थित मंच प्रदान करती है। माना जा रहा है कि इस 31वीं बैठक के दौरान तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच जल बंटवारे व सीमा से जुड़े लंबित मामलों पर गहन चर्चा हो सकती है।
ये भी पढ़े – जनगणना 2027 के सवालों पर कांग्रेस का हमला, जयराम रमेश ने उठाए गंभीर सवाल
- amit-shah-chennai-tamil-nadu-cm-c-joseph-vijay-southern-zonal-council-meeting








