
सार
नाह़रु खान|रतलाम। रक्षाबंधन के अवसर पर रतलाम यातायात थाने में भावनाओं से जुड़ा विशेष आयोजन हुआ। बहनों ने यातायात पुलिस थाना प्रभारी और जवानों को राखी बांधी, वहीं पुलिसकर्मियों ने बहनों को ‘रक्षा कवच’ के रूप में हेलमेट भेंट किया। कार्यक्रम के जरिए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा गया।
विस्तार
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रतलाम यातायात थाने में विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान कुछ बहनें यातायात पुलिस थाना प्रभारी एवं जवानों को राखी बांधने पहुंचीं। बहनों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और कर्तव्य पथ पर सफलता की कामना की।
इस अवसर पर यातायात पुलिस के भाइयों ने भी बहनों को ‘रक्षा कवच’ के रूप में हेलमेट भेंट किया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि बहनों की रक्षा केवल भाई का दायित्व नहीं है, बल्कि सड़क पर उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना भी भाईचारे और जिम्मेदारी का हिस्सा है। हेलमेट को उन्होंने महज उपहार नहीं, बल्कि बहनों के जीवन की सुरक्षा के संकल्प के रूप में बताया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और बहनों ने ‘सुरक्षित सफर-सुरक्षित जीवन’ का संदेश दिया। सभी ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
आयोजन ने रक्षाबंधन के पारंपरिक प्रेम और विश्वास को सड़क सुरक्षा के संदेश से जोड़ते हुए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। इस दौरान यह संदेश भी दिया गया कि राखी का बंधन सिर्फ कलाई पर नहीं, बल्कि सुरक्षा के संकल्प से दिलों में भी बंधता है।
ये भी पढ़े – चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का रौद्र रूप, घर-दुकानें जलमग्न; बाढ़ से भारी नुकसान
- atlam-traffic-police-raksha-bandhan-helmet-raksha-kavach-message









