
भोपाल: राजधानी की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नवप्रयास सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा 12 जुलाई 2026 (रविवार) को रवींद्र भवन के हंसध्वनि सभागार में तीसरे प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने बताया कि इस समारोह में शिक्षा, खेल, कला, साहित्य और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 550 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को पहचान देने और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण सामाजिक अभियान है।
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य युवाओं को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रोत्साहित करना है।
समारोह में विद्यार्थियों को केवल सम्मानित ही नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों का मार्गदर्शन भी मिलेगा। कार्यक्रम में आईआईटी भोपाल के निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह तथा लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) की राज्य समन्वयक डॉ. मिनी मेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। दोनों विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर निर्माण, प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। समारोह का उद्देश्य समाज में शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मान देने की परंपरा को मजबूत करना तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति से कार्यक्रम को विशेष महत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़े – भोपाल में स्कूल वैन हादसा, बिजली के पोल से टकराई; 6 बच्चे सुरक्षित, महिला स्टाफ घायल
- bhopal-third-pratibha-samman-samaroh-chief-minister-mohan-yadav-to-honour-550-meritorious-students-on-july-12










