
छतरपुर: थाना बक्सवाहा पुलिस ने मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में घुसकर चोरी का प्रयास करने वाले दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5-5 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था।
इस दौरान उन्होंने बैंक के स्ट्रांग रूम को खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं। बक्सवाहा पुलिस की इस कार्रवाई को बैंक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
ये भी पढ़े – छतरपुर में जुआ खेलते 8 लोग गिरफ्तार, 30 हजार नकद व वाहन जब्त, कार्रवाई पर उठे सवाल
- buxwaha-police-arrested-two-rewarded-accused-in-bank-theft-attempt-buhranpur








