
छतरपुर/ अमित अवस्थी: थाना सिविल लाइन पुलिस ने चोरी और नकबजनी की चार घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी और मोटरसाइकिल का ढांचा समेत करीब 3 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। दोनों आरोपी पहले से भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त बताए गए हैं।
तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मार्च में छत्रसाल नगर स्थित एक घर, अप्रैल में गुरैया रोड छात्रावास के पास निवास और अगस्त में सटई रोड स्थित गल्ला दुकान में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग अलग प्रकरण दर्ज किए थे।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा ने मामलों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए।
पूछताछ में चार वारदातें कबूलीं
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद दो आरोपियों शेख आजाद पिता शेख लियाकत, निवासी शेखर की बगिया, छतरपुर और राकेश उर्फ राका अनुरागी पिता रतिराम अनुरागी, निवासी अमानगंज मोहल्ला, लोधीकुइया, छतरपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र की तीन और कोतवाली थाना क्षेत्र की एक चोरी सहित कुल चार वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इनमें गुरैया रोड छात्रावास, छत्रसाल नगर, सटई रोड गल्ला मंडी और बुद्ध विहार कॉलोनी की चोरी शामिल है।
गैस सिलेंडर, टीवी और मोटरसाइकिल सहित माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। बरामद संपत्ति में 3 गैस सिलेंडर, 2 एलईडी टीवी, 1 मोटरसाइकिल, 1 मोटरसाइकिल का ढांचा तथा सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी शेख आजाद के खिलाफ चोरी और मारपीट सहित 22 अपराध दर्ज हैं। वहीं राकेश उर्फ राका अनुरागी के खिलाफ चोरी, मारपीट और अवैध शराब से जुड़े 12 अपराध दर्ज बताए गए हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक आशुतोष श्रोत्रिय, थाना प्रभारी बंशिया उप निरीक्षक संजय पांडेय, उप निरीक्षक बिंदू विश्वास, सहायक उप निरीक्षक सीताराम, प्रधान आरक्षक राजू, रूपेश, आरक्षक हरेन्द्र, दानिश, अमन, धीरेन्द्र, हरिशरण, प्रशान्त तथा साइबर सेल से विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े: 18 वर्षीय युवती लापता, महीनों बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
- chhatarpur-civil-line-police-solves-four-theft-cases-two-arrested








