
ग्वालियर। में एक बार फिर नाथूराम गोडसे के महिमामंडन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दौलतगंज स्थित हिंदू महासभा कार्यालय में गोडसे जयंती मनाई गई, जिसमें संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नाथूराम गोडसे की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया, आरती उतारी गई और लड्डू बांटे गए। आयोजन के दौरान गोडसे के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।
प्रतिमा लगाने की मांग पर बढ़ी चर्चा
कार्यक्रम में मौजूद हिंदू महासभा पदाधिकारियों ने मांग की कि अन्य क्रांतिकारियों की तरह देश के प्रमुख चौराहों पर नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित की जाए। इस संबंध में केंद्र और राज्य सरकार से पहल करने की अपील भी की गई। पवन गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से अपनी बात रखी।
गौरतलब है कि ग्वालियर स्थित यही हिंदू महासभा कार्यालय पहले भी विवादों में रह चुका है। यहां पहले नाथूराम गोडसे का मंदिर बनाए जाने का मामला सामने आया था, जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मूर्ति हटाकर जब्त कर ली थी। अब एक बार फिर गोडसे जयंती आयोजन और प्रतिमा लगाने की मांग के बाद राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: हेमंत वर्मा
यह भी पढ़े: ग्वालियर में बिना OTP के खातों से उड़ाए 4.47 लाख रुपए, साइबर ठगी से कारोबारी परेशान
- Controversy erupts in Gwalior over Nathuram Godse birth anniversary celebrations, with demands for a statue to be installed








