
दमोह: जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजनीपुर गांव में रविवार सुबह एक अज्ञात शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सागर जिले के बदरिया निवासी 59 वर्षीय मूरत सिंह आदिवासी के रूप में हुई।
सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतक तीन दिन पहले अपने छोटे भाई की बेटी की शादी में सुजनीपुर गांव आया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने आशंका जताई है कि अधिक शराब के सेवन के कारण वह खेत की मेड़ पर गिर गए होंगे और कई दिनों तक उठ नहीं पाए, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजन पर्वत आदिवासी ने बताया कि वह काफी शराब का सेवन करते थे और संभवतः इसी वजह से उनकी मौत हुई होगी। वहीं मृतक के पोते ने बताया कि परिवार में शादी समारोह के बाद सभी लोग घर लौट गए थे, लेकिन वह नहीं लौटे थे।
काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से पहचान के आधार पर परिजनों को सूचित किया। पथरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
ये भी पढ़े – पत्नी के आने से इंकार पर पति ने ससुराल में खुद पर चाकू से किया हमला, दमोह में युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
- Damoh Patharia Dead Body Found Field Investigation










