
देवास: रीवा से इंदौर आ रही जय अम्बे ट्रेवल्स की एक स्लीपर बस में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना इंदौर ग्रामीण क्षेत्र के क्षिप्रा थाना अंतर्गत एबी रोड पर सांई तोल कांटे के सामने सुबह करीब 11:30 बजे हुई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन क्षिप्रा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते बस में सवार सभी 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जय अम्बे ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP-19-P-4056 रीवा से इंदौर की ओर जा रही थी। जब बस क्षिप्रा थाना क्षेत्र में सांई तोल कांटे के सामने एबी रोड पर पहुंची, तभी अचानक बस का एक टायर फट गया। टायर फटने के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं उठते ही बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। धमाके जैसी आवाज सुनते ही क्षिप्रा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए बस के अंदर मौजूद महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान यात्रियों के सामान को भी बस से बाहर निकालने का प्रयास किया गया ताकि किसी का जरूरी सामान आग की भेंट न चढ़े।
यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस ने आसपास मौजूद दुकानों और वेयरहाउस से अग्निशमन यंत्र मंगवाए और शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके अलावा करीब 10 से 12 पानी के कैंपरों की सहायता से भी आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, ताकि आग आसपास के क्षेत्र में न फैल सके। घटना के कारण एबी रोड फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने तत्काल दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर दी और सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को जलती हुई बस के पास जाने से रोका। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाकर किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकल विभाग के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद जली हुई बस को सड़क से हटाकर यातायात को सावधानीपूर्वक दोबारा सुचारु किया गया। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 26 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने से बस को भारी नुकसान पहुंचा है।
इंदौर ग्रामीण पुलिस के मुख्यालय डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही क्षिप्रा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्राथमिकता के आधार पर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से आग पर काबू पाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण टायर फटना बताया जा रहा है। क्षिप्रा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और समय पर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और 26 यात्रियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।
ये भा पढ़े – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से ड्रग्स नेटवर्क मामले में पूछताछ
- dewas-kshipra-police-saves-26-passengers-after-fire-breaks-out-in-moving-jai-ambe-travels-sleeper-bus











