
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच गहराते युद्ध संकट और मध्य पूर्व में बढ़ती अस्थिरता का सीधा असर अब भारतीय सर्राफा बाजार पर दिखने लगा है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित निवेश (Safe Haven) के रूप में सोने और चांदी की मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ है, जिससे घरेलू वायदा बाजार (MCX) में आज दोनों कीमती धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर को छू लिया है।
सोने की कीमतों में तेजी
घरेलू वायदा बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान सोने का भाव हरे निशान पर ट्रेड करता दिखा। एमसीएक्स (MCX) एक्सचेंज पर सोना 0.25 फीसदी या 383 रुपये की बढ़त के साथ 1,54,046 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक बाजार की बात करें तो कॉमेक्स (Comex) पर सोना 0.19 फीसदी की बढ़त के साथ 4,737.70 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मिडिल ईस्ट संकट का कोई ठोस समाधान नहीं निकलता, सोने की कीमतों में तेजी का रुख जारी रह सकता है।
चांदी में रिकॉर्ड उछाल
चांदी की कीमतों में आज सोने के मुकाबले कहीं अधिक तेजी देखी गई। शुरुआती कारोबार में चांदी का भाव 1.33 फीसदी या 3695 रुपये की भारी बढ़त के साथ 2,82,006 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। वैश्विक बाजार (Comex) में भी चांदी 1.31 फीसदी की तेजी के साथ 87.07 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी। औद्योगिक मांग और मौजूदा तनावपूर्ण माहौल ने चांदी को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग
युद्ध के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने की आशंका से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें भी चढ़ गई हैं। ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 0.67 फीसदी की बढ़त के साथ 104.9 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जबकि क्रूड ऑयल WTI भी 98.95 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। तेल की कीमतों में यह उछाल भारत जैसे आयात पर निर्भर देश के लिए चिंता का विषय है, जिससे आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़े – I4C और RBIH के बीच MoU, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी और म्यूल खातों पर लगेगी लगाम; AI से होगी फ्रॉड डिटेक्शन मजबूत
- gold-silver-price-today-mcx-update-us-iran-war-crude-oil-hike-global-economic-crisis









