
गुना/ मोहित सोनी: गुना जिले के बमौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आकोदा गांव के पास वन भूमि में बने ट्रेंच से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में जमीन में दबा मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामले के सभी पहलुओं की जांच
पुलिस के अनुसार, शव ट्रेंच के गड्ढे में बैठी हुई अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 5 से 7 दिन पुराना है। शव की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हाथों में सर्जिकल ग्लव्स
मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। उसने केवल अंडरवियर और बनियान पहन रखी थी। पहचान के लिए पुलिस ने मृतक का हुलिया जारी किया है। उसके दाहिने हाथ में ताबीज बंधा हुआ है, कलाई पर काला धागा है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों हाथों में सर्जिकल ग्लव्स पहने हुए मिले, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
मृतक की पहचान
पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मृतक की पहचान का मिलान कराया जा रहा है।
तत्काल पुलिस से संपर्क
बमौरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी लापता व्यक्ति का हुलिया इस शव से मेल खाता हो या किसी के पास मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: http://गुना पुलिस लाइन में ‘हार्टफुलनेस’ सत्र आयोजित, तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य पर दिया गया प्रशिक्षण
- guna-akoda-unknown-body-found-forest-trench-investigation











