
गुना/मोहित सोनी की रिपोर्ट: जिला वुशु स्पोर्ट्स संघ, गुना द्वारा पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) के खेल मैदान में वुशु खिलाड़ियों के चयन ट्रायल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। ट्रायल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी तकनीकी दक्षता, फिटनेस और खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनकी तकनीकी क्षमता, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना के आधार पर किया। चयनित खिलाड़ियों को आगामी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों में राघव गुप्ता, हंशिका चारी, वेदांशी चारी, अनमोल अहिरवार, अभि शर्मा, रुद्रांश अहिरवार, सम्राट अहिरवार, विधायक अहिरवार, कार्तिक, सूफिया खान, जैद खान और वीर कुशवाह शामिल हैं।
चयन ट्रायल का संचालन वुशु कोच कालिदास अहिरवार, तौफीक खान एवं डॉ. सचिन चारी के मार्गदर्शन में किया गया। समापन अवसर पर जिला वुशु स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन के सहयोग से संघ की सचिव सेवा देवी बड़ोनिया एवं लीगल ऑफिसर अधिवक्ता राजधर सिंह अहिरवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने चयनित खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और अनुशासन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिला खेल अधिकारी दुर्गेश सक्सेना, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य श्री तिवारी तथा जिले के खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला वुशु स्पोर्ट्स संघ ने बताया कि इस चयन ट्रायल का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। संघ ने भविष्य में भी नियमित प्रशिक्षण शिविर, चयन ट्रायल और खेल गतिविधियों का आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
ये भी पढ़े – गुना: 181 हेल्पलाइन पर शिकायतों के फर्जी निराकरण का आरोप
- guna-district-wushu-sports-association-selection-trials-completed-young-players-selected-for-upcoming-competitions










