
गुना/मोहित सोनी की रिपोर्ट: पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए बारिश के दौरान रास्ता भटक गए एक मासूम बच्चे को महज एक घंटे के भीतर उसके परिजनों से मिलाकर मानवीय पुलिसिंग की मिसाल पेश की है। कैंट थाना क्षेत्र में डायल-112 और एफआरवी टीम की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार को बड़ी राहत मिली और माता-पिता अपने बच्चे को सकुशल पाकर भावुक हो उठे।
जानकारी के अनुसार 8 जुलाई 2026 की शाम शहर में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक छोटा बच्चा अकेले भटकता हुआ दिखाई दिया। बच्चा काफी घबराया हुआ था और बारिश के कारण डरा-सहमा होने से वह अपना नाम या घर का पता भी ठीक से नहीं बता पा रहा था। राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एफआरवी टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिसकर्मियों ने पहले बच्चे को शांत कराया और फिर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
ये भी पढ़े – गुना पुलिस लाइन में नई कैंटीन और हाईटेक जिम का उद्घाटन, पुलिसकर्मियों के वेलफेयर को मिली नई सौगात
बच्चे से पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाने के बावजूद पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी। एफआरवी-4 की टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ की, संभावित स्थानों पर तलाश की और लगातार जानकारी जुटाती रही। करीब एक घंटे की लगातार मेहनत के बाद पुलिस को बच्चे के माता-पिता का पता चल गया। बताया गया कि बच्चे के परिजन भी बारिश में भीगते हुए अपने बेटे की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे। जैसे ही पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द किया, परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपने बच्चे को सकुशल देखकर माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने गुना पुलिस की त्वरित कार्रवाई तथा मानवीय संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
इस पूरे अभियान में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में कैंट थाना की एफआरवी-4 टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सहायता पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा भविष्य में भी ऐसी परिस्थितियों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई जारी रहेगी। गुना पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई बच्चा, बुजुर्ग या असहाय व्यक्ति अकेला या परेशान दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षित मदद की जा सके।
ये भी पढ़े – 16 जुलाई को गुना में निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, भक्तिमय माहौल में डूबेगा शहर
- guna-police-reunites-lost-child-with-family-within-one-hour-during-rain








