
ग्वालियर: ग्वालियर के मंदिर से दर्शन कर लौट रहे मां-बेटे पर कार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे 60 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बेहट थाना क्षेत्र के रनगवां गांव के पास की है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पीड़ित भीम गौतम शर्मा, जो अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, अपने बयान में बताया कि वे अपनी मां विमला देवी शर्मा के साथ ग्वालियर के गिजौर्रा दूधखोह गांव में भागवत कथा में शामिल होने आए थे। वापसी के दौरान उन्होंने रतनगढ़ माता मंदिर और दंदरौआ धाम मंदिर के दर्शन किए। रात 10:30 बजे जब वे घर लौट रहे थे, तब यह घटना घटी।
ये भी पढ़े – ग्वालियर: रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप, लाखों का सामान जलकर राख
रास्ते में, रनगवां गांव के पास, एक सफेद कार सड़क के बीचोंबीच खड़ी थी जिसमें 3-4 युवक सवार थे। संकरे रास्ते के कारण भीम ने हॉर्न बजाया, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने हूटर का उपयोग किया। इस पर बदमाश भड़क गए।
आरोपियों ने पहले साइड दी, लेकिन तुरंत पीछे से पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पहुँचकर उन्होंने फायरिंग कर दी। एक गोली कार की बॉडी को चीरते हुए विमला देवी की गर्दन में जा लगी। घटना के बाद बदमाश भिंड की ओर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल विमला देवी को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़े – ग्वालियर: रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप, लाखों का सामान जलकर राख
- gwalior-temple-returning-mother-son-attacked-shooting-woman-injured









