
जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत समता कॉलोनी में देर रात आपसी रंजिश के चलते एक युवक की सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने बीच सड़क पर युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भावेश वीरानी के रूप में हुई है। ब्रांणवाणी को मिली जानकारी के मुताबिक देर रात जब भावेश समता कॉलोनी से गुजर रहा था, तभी इलाके के ही तीन बदमाशों अरुण, आयुष और शिव चौधरी ने उसे घेर लिया।
हमलावरों ने बिना मौका दिए भावेश पर चाकुओं से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में भावेश सड़क पर ही गिर पड़ा और उसकी जान चली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी (TI) रितेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की लोकेशन का पता चल सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में घेराबंदी शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े – जबलपुर: अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, हाईवा चालक गिरफ्तार
- jabalpur-gohalpur-samta-colony-murder-bhavesh-virani-stabbed-to-death










