
जावरा: रतलाम जिले के जावरा शासकीय अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार कूल्हा बदलने (हिप रिप्लेसमेंट) का सफल ऑपरेशन किया है। इस सफलता को अस्पताल के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। ऑपरेशन माननीय विधायक राजेंद्र पांडे के प्रयासों, शासकीय अस्पताल के प्रभारी डॉ. पहाड़िया के मार्गदर्शन एवं निगरानी तथा डॉ. अजय सिंह राठौड़ की चिकित्सकीय टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विधायक राजेंद्र पांडे के निवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य कमेटी की ओर से शासकीय अस्पताल के प्रभारी डॉ. पहाड़िया का साफा बांधकर एवं सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जावरा शासकीय अस्पताल में पहली बार हिप रिप्लेसमेंट जैसी जटिल सर्जरी का सफल होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश सोनी, मध्य प्रदेश राज्य कमेटी के संभागीय कोऑर्डिनेटर मुजम्मिल रजा, नईम भाई, आसिफ मिर्जा, अकरम भाई, अफसर बेग, नजीर कुरैशी और शकील चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों की टीम और अस्पताल प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए इसे जावरा के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।
ये भी पढ़े – रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 ग्राम MDMA के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, ₹1.10 लाख का मादक पदार्थ जब्त
- jaora-government-hospital-first-successful-hip-replacement-surgery-dr-pahadia-honoured








