
खुरई/ मनीष कुमार चौबे: नगर पालिका परिषद खुरई द्वारा शहर में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से महाकाली मंदिर टीन शेड परिसर में स्वच्छता नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश मेहतेले के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका की आईईसी टीम ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का संदेश दिया।
स्वच्छता और जनभागीदारी पर दिया गया जोर
सभा के दौरान आईईसी टीम ने नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने तथा नगर पालिका के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
कचरा पृथक्कीकरण और प्लास्टिक मुक्त शहर का संदेश
कार्यक्रम में नागरिकों को सूखे और गीले कचरे को अलग अलग रखने तथा निर्धारित कचरा वाहनों में ही कचरा देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की गई। सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसर, बाजार और सड़कों पर कचरा नहीं फैलाने का भी संदेश दिया गया।
नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं जागरूकता अभियान
सीएमओ राजेश मेहतेले ने बताया कि नगर पालिका द्वारा नियमित साफ सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ साथ नागरिकों में व्यवहारिक परिवर्तन लाने के लिए इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
महाकाली मंदिर परिसर में आयोजित नुक्कड़ सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरे का उचित प्रबंधन करने और खुरई को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका के प्रयासों में पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़े: खाद चोरी के दौरान विवाद में युवक की हत्या: 7 दिन बाद एक आरोपी गिरफ्तार
- khurai-mahakali-temple-cleanliness-awareness-meeting











