कुशीनगर में बुलेट स्पीड से दौड़ेगा विकास: सीएम योगी ने किया ₹424+ करोड़ की 278 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, फाजिलनगर का नाम ‘पावागढ़’ करने का प्रस्ताव

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर जनपद को ₹424 करोड़ से अधिक की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। एक भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास बनाम अराजकता के मुद्दे पर पिछली सरकारों को जमकर घेरा। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर दोटूक लहजे में कहा कि पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश कट्टा-बम बनाने वालों की पहचान से जुड़ा था, जो निर्दोषों और व्यापारियों को लूटते थे और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाते थे। हमने इन शोहदों को ठीक किया है “जो ठीक नहीं हुआ, बोली से नहीं माना वो गोली से जरूर मान गया है।”

मच्छर-माफिया का खात्मा, अब यूपी में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की विकृत मानसिकता पर प्रहार करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती शासनों ने कुशीनगर को सिर्फ बीमारी, भुखमरी और बेरोजगारी दी थी। लेकिन डबल इंजन की सरकार ने मच्छर और माफिया दोनों बड़ी समस्याओं का स्थाई समाधान कर दिया है। उन्होंने कहा, “मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी, दोनों पर प्रभावी प्रहार कर अब विकास और रोजगार का नया वातावरण तैयार किया गया है। जिस तरह यूपी से माफिया राज खत्म हुआ है, ठीक वैसे ही अब इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) की बीमारी भी लगभग समाप्त हो चुकी है।” सीएम योगी ने गर्व से कहा कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टे-बम से नहीं, बल्कि देश की रक्षा के लिए बनने वाली ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ से हो रही है। जब भारत का जवान दुश्मन की छाती पर ब्रह्मोस दागता है, तो पाकिस्तान “बचाओ-बचाओ” चिल्लाने लगता है।

फाजिलनगर का नाम ‘पावागढ़’ करने का प्रस्ताव, धरातल पर उतरीं ऐतिहासिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने मंच से एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का आधिकारिक प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे यह क्षेत्र भगवान महावीर जी की पावन विरासत से जुड़कर वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की यह तपोभूमि आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। जिस कुशीनगर में कभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट की कल्पना तक नहीं होती थी, आज वहां खुद का मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और ₹450 करोड़ की लागत से महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय साकार रूप ले चुके हैं। इसी सत्र से कृषि विश्वविद्यालय में बच्चों के प्रवेश भी शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही, गन्ने का मूल्य ₹315 से बढ़ाकर ₹400 प्रति कुंतल कर समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।

विपक्ष पर साधा निशाना: समाजवादी पार्टी घोषित रूप से ‘रामद्रोही’

अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 498 वर्षों के लंबे संघर्ष और पीढ़ियों के बलिदान के बाद आज अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन चुका है। कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद ही राम मंदिर बनवा सकती थी, लेकिन उसने हमेशा रोड़े अटकाए। वहीं समाजवादी पार्टी तो घोषित रूप से ‘रामद्रोही’ रही है, जिसने लगातार इस पावन कार्य में बाधाएं खड़ी कीं। सीएम योगी ने कहा कि जनता के ‘एक वोट की ताकत’ के कारण ही आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त हुई और उत्तर प्रदेश में विकास बुलेट स्पीड से आगे बढ़ रहा है।

इस गरिमामयी अवसर पर कुशीनगर के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, देवरिया सांसद शशांक मणि, गोरखपुर सांसद रविकिशन, विधायक डॉ. असीम कुमार (तमकुही राज), विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा (फाजिलनगर), जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे गए चेक और टूलकिट (बॉक्स)

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मंच से स्वीकृति पत्र, चेक और टूल किट वितरित कर सम्मानित किया:

  • मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्राम विकास): संध्या देवी एवं प्रियंका को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

  • कॉक्लियर इम्प्लांट योजना (दिव्यांगजन सशक्तीकरण): कुमारी श्रेया शर्मा एवं कुमारी कृति को आधिकारिक स्वीकृति पत्र दिए गए।

  • राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन: स्वयं सहायता समूह की प्रतिनिधि अभिनेती सिंह एवं निभा गौड़ को ₹13 करोड़ का विशाल चेक सौंपा गया।

  • कृषि विभाग (फार्मर मशीनरी बैंक/मिलेट्स): विवेक गुप्ता को फार्मर मशीनरी बैंक की चाबी और मनोज कुशवाहा को मिलेट्स प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत ₹10 लाख का चेक दिया गया।

  • बाल सेवा योजना (प्रोबेशन विभाग): कुमारी अनुष्का एवं गुरफान अली को योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

  • विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: कुमारी रूबीना खातून को आत्मनिर्भरता के लिए सिलाई मशीन टूलकिट प्रदान की गई।

  • प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: साबिया खातून को स्वीकृति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

विकास परियोजनाओं का विधानसभा वार पूरा ब्योरा (बॉक्स)

1. लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाएं (कुल लागत: ₹224+ करोड़)

  • तमकुही राज विधानसभा: ₹179 करोड़ की लागत वाली 20 विभिन्न विकास परियोजनाएं।

  • फाजिलनगर विधानसभा: ₹45 करोड़ से अधिक की लागत वाली 71 परियोजनाएं।

  • मुख्य कार्य: विभिन्न ग्रामीण व मुख्य मार्गों का नवनिर्माण, चौड़ीकरण और संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण। थाना सेवरही में 48 एवं थाना तरयासुजान में 32 की क्षमता वाले आधुनिक हॉस्टल, पुलिस बैरक व विवेचना कक्ष का निर्माण। इसके अलावा थाना सेवरही में वेयरहाउस, 50 बेड की क्षमता वाला फील्ड हॉस्पिटल व समर्पित कोविड वार्ड का लोकार्पण किया गया। साथ ही भैरवनगर घघवा एवं जगदीशपुर में 2×5 एमवीए क्षमता के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों की शुरुआत की गई।

2. शिलान्यास होने वाली नई परियोजनाएं (कुल लागत: ₹300+ करोड़)

  • तमकुही राज विधानसभा: ₹143 करोड़ से अधिक की लागत वाली 121 नई विकास परियोजनाएं।

  • फाजिलनगर विधानसभा: ₹157 करोड़ से अधिक की लागत वाली 66 नई परियोजनाएं।

  • मुख्य कार्य: जौरामन राखन क्षेत्र में नए राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निर्माण। विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और नए रास्तों का निर्माण। इसके अलावा विभिन्न बरसाती नालों व नदियों पर लघु पुलों का निर्माण तथा बांसी नदी के पिपरा गोला घाट पर नए सेतु (पुल), पहुंच मार्ग और बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का शिलान्यास किया गया।

ये भी पढ़े – कुशीनगर में ₹450 करोड़ की लागत से आकार ले रहा महात्मा बुद्ध कृषि विश्वविद्यालय: सीएम योगी ने किया निरीक्षण, इसी सत्र से शुरू होंगे दाखिले

  • kushinagar-cm-yogi-adityanath-inaugurated-424-crore-projects-kushinagar-fazilnagar-pavagarh
  • Rashel Kachwah Rajput

    Rashel Kachwah Rajput

    14+ वर्षों का अनुभव। हर दिन, पल-पल की खबरों के साथ। निष्पक्ष व भरोसेमंद रिपोर्टिंग, हर खबर की गहराई तक पहुँचने का प्रयास। सच्ची पत्रकारिता, आपके भरोसे के साथ।

    Related Posts

    2027 चुनाव से पहले बीजेपी के लिए ब्राह्मण वोट बैंक बना चुनौती? राजनीतिक समीकरणों पर बढ़ी चर्चा

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता…

    आगे पढ़ें
    राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, जांच टीम में शामिल होगा चार्टर्ड अकाउंटेंट, नई SIT गठित

    अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम…

    आगे पढ़ें

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    इंदौर नगर निगम में एक के बाद एक घोटाले उजागर, ₹103 करोड़ फर्जी बिल मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, वेतन घोटाले की जांच शुरू

    इंदौर नगर निगम में एक के बाद एक घोटाले उजागर, ₹103 करोड़ फर्जी बिल मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, वेतन घोटाले की जांच शुरू

    कांग्रेस के टिकट पर लड़ चुके हैं चुनाव, फिर भी PM मोदी ने नंदन नीलेकणि पर क्यों जताया भरोसा? जानिए 5 बड़ी बातें

    कांग्रेस के टिकट पर लड़ चुके हैं चुनाव, फिर भी PM मोदी ने नंदन नीलेकणि पर क्यों जताया भरोसा? जानिए 5 बड़ी बातें

    CJP के बाद सोशल मीडिया पर छाया RHA, 35 लाख फॉलोअर्स के साथ E20 जनता पार्टी भी चर्चा में

    CJP के बाद सोशल मीडिया पर छाया RHA, 35 लाख फॉलोअर्स के साथ E20 जनता पार्टी भी चर्चा में

    दतिया में व्यापारी सम्मेलन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों को दिया विकास और सुशासन का भरोसा

    दतिया में व्यापारी सम्मेलन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों को दिया विकास और सुशासन का भरोसा

    NEET-UG विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया

    NEET-UG विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया