
मैहर/देवेश शर्मा की रिपोर्ट: मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत मैहर जिले के संदीपनी विद्यालय में एक विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और लक्ष्य आधारित जीवन के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान “नशे को कहो ना… सपनों को कहो हां” का संदेश देकर विद्यार्थियों से अपने जीवन में नशे से दूर रहने का संकल्प कराया गया।
यह कार्यक्रम मैहर पुलिस द्वारा सामाजिक न्याय एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में किसी भी प्रकार के नशे को पहली बार ही “ना” कहें और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, तकनीक तथा सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं के मजबूत संकल्प से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर कठिनाई का सामना करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों का भी दायित्व है कि वे गलत संगति और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर पूरी मेहनत और ईमानदारी से ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो जीवन को नई दिशा और नई पहचान देती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि यदि जीवन में किसी चीज़ का नशा करना है तो शिक्षा, मेहनत, सफलता और अपने सपनों का नशा कीजिए। यही नशा आपको ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और समाज व देश के लिए उपयोगी नागरिक बनाएगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहेगी, तो प्रदेश और देश का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से संबंधित जानकारी दी गई तथा उन्हें जागरूक करने के लिए संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मैहर पुलिस ने बताया कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिले में आगामी दिनों में भी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संवाद, शपथ समारोह एवं जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं और आमजन तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
ये भी पढ़े – मैहर में विकास की नई सौगात: प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने 6 आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का किया लोकार्पण
- maihar-anti-drug-awareness-campaign-2026











