
सागर/ मनीष कुमार चौबे: सागर लोकसभा क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न रेल परियोजनाओं, नई ट्रेनों के संचालन, रेलवे ओवरब्रिज, प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव तथा नई रेल लाइनों के सर्वे सहित कई महत्वपूर्ण मांगें विस्तार से रखीं।
विस्तार:
बैठक में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सागर संसदीय क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सागर से देश के प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन की मांग की। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों, छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने का आग्रह
सांसद ने क्षेत्र में निर्माणाधीन और प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से इन कार्यों में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे यातायात की समस्या कम होगी और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
बीना और मंडीबामोरा स्टेशन पर स्टॉपेज की मांग
बैठक के दौरान सांसद ने बीना और मंडीबामोरा रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इन स्टेशनों पर ट्रेनों का स्टॉपेज मिलने से आसपास के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा।
नई रेल लाइनों के सर्वे पर हुई चर्चा
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए प्रस्तावित नई रेल लाइनों के सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने रेलवे बोर्ड से सर्वे कार्य जल्द पूरा कर आगामी प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
मुलाकात के दौरान सांसद ने कहा कि रेल परियोजनाओं के समय पर पूरा होने और नई सुविधाओं के जुड़ने से सागर संसदीय क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इससे व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने सांसद द्वारा रखी गई सभी मांगों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विनोद चौकसे एवं अक्षत चौकसे भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े: डबरा सिविल अस्पताल पहुंचीं एसडीएम जूही गर्ग, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
- MP Lata Wankhede Meets Railway Board Chairman, Seeks New Trains, Halt Stations And ROB Projects








